समालखा, हरियाणा: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की इस वर्ष की ‘अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा’ की बैठक 13, 14 और 15 मार्च 2026 को हरियाणा के समालखा (पट्टीकल्याणा) स्थित सेवा साधना केंद्र में आयोजित की जाएगी। संघ की दृष्टि से यह सबसे महत्वपूर्ण और सर्वोच्च निर्णायक बैठक है।
शताब्दी वर्ष पर विशेष फोकस
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, चूंकि यह संघ का शताब्दी वर्ष है, इसलिए बैठक में शताब्दी निमित्त आयोजित कार्यक्रमों जैसे—विजयादशमी उत्सव, गृहसंपर्क, हिंदू सम्मेलन और सामाजिक सद्भाव बैठकों के अनुभवों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
बैठक के मुख्य बिंदु:
- कार्य समीक्षा: वर्ष 2025-26 के दौरान हुए कार्यों की समीक्षा और प्रांतों के विशेष कार्यों का विवरण प्रस्तुत होगा।
- पंच परिवर्तन: समाज में अपेक्षित बदलाव लाने के लिए संघ के ‘पंच परिवर्तन’ अभियानों और शाखाओं के माध्यम से होने वाले कार्यों पर चर्चा होगी।
- प्रशिक्षण योजना: संघ शिक्षा वर्ग और कार्यकर्ता विकास वर्गों के लिए आगामी वर्ष की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
- प्रस्ताव: वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य को देखते हुए कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जा सकते हैं।
प्रमुख उपस्थिति
बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह-सरकार्यवाह और कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहेंगे। कुल 1489 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है, जिनमें निर्वाचित प्रतिनिधि और संघ से प्रेरित 32 विविध संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।