इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक इंदौर स्थित डेली कॉलेज के संत श्री रविदास सभागार में शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया।

बैठक में सरसंघचालक और सरकार्यवाह के साथ सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय पदाधिकारी, क्षेत्र एवं प्रांत स्तर के संघचालक, कार्यवाह और प्रचारक शामिल हैं। इसके अलावा संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों के कुछ अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी बैठक में उपस्थित हैं।

बैठक के प्रारंभ में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पिछले कुछ महीनों में दिवंगत हुईं समाज की प्रमुख हस्तियों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि दिए जाने वालों में फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर, गायिका आशा भोसले, संत रमेश बाबा, विवेकानंद केंद्र के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्णन, बलवीर पुंज, एस. वेदांतम, पत्रकार विराग पाचपोर, पराग वेदिक, पूर्व कुलपति देवेंद्र प्रताप सिंह और सच्चिदानंद महंती सहित अन्य नाम शामिल बताए गए हैं। प्रसिद्ध गायिकाओं एस. जानकी और सुमन कल्याणपुरीकर तथा संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे विनोद कुमार को भी श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने की जानकारी दी गई।

तीन महत्वपूर्ण विषयों पर वक्तव्य जारी होंगे

बैठक के दौरान सरकार्यवाह की ओर से तीन विषयों पर वक्तव्य जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

  1. राजनारायण बसु की 200वीं जयंती: राष्ट्रीय चेतना के पितामह के रूप में स्मरण किए जाने वाले राजनारायण बसु के जीवन और योगदान पर वक्तव्य जारी किया जाएगा।
  2. स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100 वर्ष: शुद्धिकरण आंदोलन से जुड़े स्वामी श्रद्धानंद के योगदान और उनके बलिदान के 100 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में वक्तव्य जारी होगा।
  3. स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्मशताब्दी: ओडिशा के कंधमाल जनजातीय क्षेत्र में स्वाभिमान, स्वावलंबन और स्वधर्म की जागृति के लिए किए गए कार्यों के संदर्भ में स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के जन्म के 100 वर्ष पूरे होने पर वक्तव्य जारी किया जाएगा।

बैठक में संघ के संगठनात्मक विषयों और संबंधित मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। तीनों विषयों पर जारी होने वाले वक्तव्यों के माध्यम से संघ इन व्यक्तित्वों के योगदान और उनसे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को सामने रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi