रुद्रपुर। उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम (टीडीसी) के कार्यालय को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल कार्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक में टीडीसी के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने टीडीसी और राष्ट्रीय बीज निगम के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाओं को दीर्घकालिक व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करना चाहिए, ताकि आपसी सहयोग से दोनों संस्थाओं को लाभ मिल सके।
टीडीसी कार्यालय भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भवन का प्रारूप भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। उन्होंने कार्यालय को मॉडल ऑफिस के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपयुक्त कक्ष तथा अन्य आधुनिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए।
बैठक में निदेशक अंकुर पपनेजा, डॉ. अमित भटनागर, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव, पंकज कुमार शुक्ला, डॉ. दीपक पांडे, जी.सी. तिवारी, नकुल जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।