दियोरिया कला । किशनपुर गांव में करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व हुए चर्चित हरिओम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार चल रहे चार वांछित अभियुक्तों में से दो को मानपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल नौ आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

उल्लेखनीय है कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हिंसक संघर्ष हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हरिओम पर जानलेवा हमला कर दिया था। बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा था। इलाज के दौरान हरिओम की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद मृतक के पिता बनवारी लाल की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
​घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन चार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। कोतवाली प्रभारी गौतम सिंह ने टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर मानपुर तिराहे पर छापेमारी की और फरार चल रहे आरोपी पवन पुत्र जंगबहादुर तथा अशोक कुमार पुत्र ज्वाला प्रसाद को दबोच लिया।
​कोतवाली प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में अभी दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *