​पीलीभीत। जनपद में प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 की लिखित परीक्षा को शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने पुलिस बल के साथ चयनित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का रिहर्सल कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।


​अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने क्षेत्राधिकारी नगर दीपक चतुर्वेदी व स्थानीय पुलिस टीम के साथ पीएम श्री ड्रमंड इंटर कॉलेज, सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज और उपाधि महाविद्यालय का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजामों का जायजा लिया। विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, परीक्षार्थियों के प्रवेश व निकास के रास्ते और सुरक्षा चेकिंग पॉइंट का बारीकी से परीक्षण किया गया।


​निरीक्षण के दौरान एएसपी ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा और परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन संपन्न कराया जाना है।

इसके साथ ही परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास सुचारू यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की रणनीतिक तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *