​पीलीभीत।जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने और कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद की समस्त गैस एजेंसियों के स्वामियों और प्रोपराइटरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
​बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अब दो रिफिल सिलेंडरों की बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अनिवार्य अंतराल सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए एजेंसी के सॉफ्टवेयर को तत्काल अपडेट करने को कहा गया है ताकि 25 दिन से पहले किसी भी स्थिति में दोबारा बुकिंग न हो सके। साथ ही, उपभोक्ताओं को केवल ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
​अपर पुलिस अधीक्षक ने एजेंसी संचालकों को सख्त हिदायत दी कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किसी भी व्यावसायिक संस्थान जैसे होटल या रेस्टोरेंट में न होने पाए। उन्होंने कहा कि एजेंसी से जुड़े हॉकरों पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि वे कालाबाजारी, घटतौली या अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त न हों। सुरक्षा और पारदर्शिता के दृष्टिगत सभी गोदामों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील भी की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर सहित जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *