पीलीभीत। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) वीरेंद्र सिंह ने जनपद के सभी एलपीजी युक्त वाहन स्वामियों और चालकों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी आदेशों तक एलपीजी से संचालित होने वाले सभी वाहनों को केवल वैकल्पिक ईंधन (पेट्रोल) पर ही चलाया जाए। किसी भी स्थिति में एलपीजी पर वाहन का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर से वाहनों में अवैध रिफिलिंग करने और करवाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस अवैध कार्य में संलिप्त पाया जाता है, तो रिफिलिंग करने वाले और करवाने वाले दोनों पक्षों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, जिन वाहनों में अवैध रूप से एलपीजी किट लगी पाई जाएगी, उनका पंजीयन (आरसी) तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जाएगा।
इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा कल (शुक्रवार) से जनपद में एक विशेष संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान यदि कोई वाहन एलपीजी पर चलता हुआ मिलता है या कहीं अवैध रिफिलिंग की गतिविधि पकड़ी जाती है, तो संबंधित वाहनों को मौके पर ही सीज (जब्त) करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध एलपीजी किट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
