न्यूरिया। पीलीभीत-टनकपुर रेल खंड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें बरेली सिटी से टनकपुर जा रही डेमो ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना न्यूरिया कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग के समीप सुबह करीब 10:00 बजे घटित हुई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान न्यूरिया थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा निवासी 75 वर्षीय मुल्लो देवी पत्नी चंद्रसेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वृद्धा रेलवे लाइन पार कर रही थी, तभी अचानक आई तेज रफ्तार डेमो ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और न्यूरिया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।


​थाना प्रभारी न्यूरिया सुभाष मावी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। वृद्धा की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi