पीलीभीत। प्रसिद्ध बाबा इकोत्तरनाथ शिव मंदिर प्रांगण में आज 13वें भव्य आदर्श विवाह समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के आयोजक संदीप खंडेलवाल की देखरेख में आयोजित इस समारोह में दो जोड़ों का विवाह संस्कार पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया। पहले विवाह में कुरैया खुर्द कलां निवासी राहुल कश्यप और परसपुर खीरी की रीना परिणय सूत्र में बंधे, जबकि दूसरा विवाह लखीमपुर निवासी राहुल बाल्मीकि और जादमपुर गहलुइया की आरती के बीच संपन्न हुआ। लालता प्रसाद शास्त्री और उनकी टोली द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चारण और गूंजती शहनाई की धुनों के बीच इन नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। इस मांगलिक अवसर पर मंदिर परिसर में एक भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों और भक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और नवयुगलों को आशीर्वाद प्रदान किया।
सामूहिक विवाह के इस नेक कार्य में आयोजक मंडल की ओर से नए जोड़ों के गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए बिस्तर, पलंग, डिनर सेट, अटेची, मिष्ठान, बिछिया और साड़ियों सहित दर्जनों आवश्यक उपहार भेंट किए गए। समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित उपजिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह, विधायक पुत्र राजमणि पासवान और राजेश लोधी सहित पधारे हुए विशिष्ट अतिथियों ने भी वर-वधू को अपनी ओर से अनेकों उपहार प्रदान कर उनके सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अमित खंडेलवाल, सतीश जायसवाल, संतोष, ऋषभ अग्रवाल, शलभ सक्सेना, सतीश मिश्रा, सौरभ पांडे, बलराम पांडे, राम प्रकाश शुक्ला, सत्य प्रकाश शुक्ला, राहुल वर्मा, नीरज त्रिवेदी, सौभाग्य, कन्हैया, स्पर्श, सीमा रानी, वर्षा गुप्ता और सपना भारत सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।