पीलीभीत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के प्रतिनिधिमंडल ने त्योहार के समय शिक्षकों के समक्ष उत्पन्न हुए आर्थिक संकट को लेकर जिलाधिकारी से भेंट की। जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा ने वरिष्ठ शिक्षक सतीश चंद्र गंगवार के साथ जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जनपद के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को फरवरी माह का वेतन होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के बावजूद अब तक प्राप्त नहीं हो सका है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के कई विद्यालयों में स्थिति और भी चिंताजनक है, जहाँ शिक्षकों को जनवरी माह का वेतन भी नहीं मिल पाया है। दो माह से मानदेय न मिलने के कारण शिक्षकों के सामने न केवल होली मनाने की समस्या खड़ी हो गई है, बल्कि उनके बैंक लोन की ईएमआई बाधित होने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार भी पड़ रहा है।

​जिलाधिकारी ने इस पूरे प्रकरण पर गहरा आश्चर्य व्यक्त करते हुए इसे एक अत्यंत संवेदनशील मुद्दा बताया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि शिक्षकों के वेतन से जुड़ा मामला उनकी प्राथमिकता में है और इस संबंध में उन्हें पहले ही सूचित किया जाना चाहिए था ताकि समय रहते समाधान हो जाता। जिलाधिकारी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वह स्वयं इस प्रकरण में हस्तक्षेप करेंगे और आज ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर वेतन निर्गत करने की प्रक्रिया सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि होली के पर्व से पूर्व शिक्षकों की आर्थिक समस्या का समाधान करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कदम उठाए जाएंगे ताकि शिक्षक सपरिवार हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *