​पीलीभीत। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के आदेशानुसार बालिकाओं को बाहरी दुनिया और वैज्ञानिक प्रगति से अवगत कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मरौरी ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की सौ छात्राओं को एक्सपोजर विजिट पर भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), बरेली भेजा गया। मरौरी विद्यालय परिसर से दो बसों के माध्यम से रवाना हुई इन छात्राओं के भ्रमण का मुख्य मकसद उन्हें स्कूली शिक्षा के साथ-साथ भौगोलिक जानकारी और पशु-पक्षियों के संरक्षण की वैज्ञानिक विधियों से परिचित कराना था। संस्थान पहुँचने पर छात्राओं ने सबसे पहले योगा पार्क का भ्रमण किया, जिसके बाद उन्हें नाभिकीय वैज्ञानिक प्रयोगशाला, केंचुआ पालन केंद्र और विभिन्न पशु-पक्षियों को दी जाने वाली वैक्सीन के निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखने का अवसर मिला।
​संस्थान के सीनियर टेक्निकल ऑफिसर अजय पटेल ने छात्राओं को पशुओं में होने वाले जानलेवा वायरस और वैक्सीन रिसर्च की जटिलताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने संस्थान के विभिन्न अनुभागों, रिसर्च सेंटरों और पशु शरीर रचना अनुभाग का अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने पशु-पक्षियों की आंतरिक संरचना के ढांचों को देखा। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने प्रयोगशाला वधुशाला, नेशनल एनिमल साइंस सेंटर, कृषि विज्ञान केंद्र और जैविक उत्पाद विभाग का भी निरीक्षण किया। वन्य जीव प्राणी संस्थान के भ्रमण के दौरान छात्राओं ने बारहसिंघा और हिरणों को अत्यंत करीब से देखा, जबकि म्यूजियम में उन्हें मोर, कछुआ, शुतुरमुर्ग और एमू जैसे पक्षियों के बारे में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारियां प्रदान की गईं।

​इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, के.के. सागर और के.के. सिंह का विशेष सहयोग रहा। एक्सपोजर विजिट के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन नीतू त्रिवेदी, भावना सिंह, अंबर, शिखा कटियार, पिंकी देवी पाल, नीलम राजपूत सहित विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं और अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। विभाग का मानना है कि इस प्रकार के भ्रमण से छात्राओं के दृष्टिकोण में व्यापक बदलाव आएगा और वे देश-दुनिया की तकनीकी व वैज्ञानिक प्रगति के प्रति जागरूक हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *