जम्मू। उत्तरी रेलवे के जम्मू मंडल ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जम्मू रेलवे स्टेशन पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों के लिए बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पंखे, कूलर और पेयजल जैसी सुविधाओं से युक्त प्रतीक्षा क्षेत्र तैयार किए गए हैं। स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है तथा ट्रेनों में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया गया है।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्टेशन पर 24×7 हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां रेलवे कर्मचारी, स्काउट्स और गाइड्स के सहयोग से यात्रियों को ट्रेन समय-सारिणी, प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त टिकट जांच कर्मी, वाणिज्यिक अधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और रेलवे वॉर रूम के माध्यम से स्टेशन की लगातार निगरानी की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 को भी परिचालन के लिए खोल दिया है। ट्रेन संख्या 13152 इन नए प्लेटफॉर्मों से रवाना होने वाली पहली ट्रेन बनी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे पंजीकरण पूरा करने के बाद ही यात्रा करें, केवल अधिकृत काउंटरों से टिकट खरीदें, अजनबियों से खाने-पीने की वस्तुएं न लें तथा किसी भी सहायता के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 या स्टेशन हेल्प डेस्क से संपर्क करें।