​पीलीभीत। जनपद के अमरिया विकासखंड में सरकारी कार्यप्रणाली की एक ऐसी चूक सामने आई है जिसने न केवल एक गरीब बुजुर्ग का हक छीन लिया, बल्कि प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम भंगा मोहम्मदगंज निवासी वृद्ध अमीर बख्श, जो पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं, उन्हें विभागीय रिकॉर्ड में मृत दर्शा दिया गया है। इस गंभीर त्रुटि के कारण पिछले कई महीनों से उनकी वृद्धावस्था पेंशन रोक दी गई है, जिससे परेशान होकर पीड़ित बुजुर्ग अब न्याय के लिए सरकारी दफ्तरों की चौखट खटखटाने को मजबूर हैं।
पीड़ित अमीर बख्श पुत्र फकीर बख्श ने जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में विस्तार से अपनी व्यथा बताई। उन्होंने अवगत कराया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से उन्हें नियमित रूप से वृद्धावस्था पेंशन मिल रही थी, जो अचानक बंद हो गई। जब उन्होंने विभाग के कार्यालय जाकर इस संबंध में जानकारी जुटाई, तो वह यह जानकर दंग रह गए कि सरकारी रिकॉर्ड में दिसंबर 2024 में उन्हें मृत घोषित किया जा चुका है। कागजों में हुई इस ‘मौत’ के कारण जनवरी 2024 के बाद से उन्हें मिलने वाली आर्थिक सहायता पूरी तरह बंद कर दी गई है।

बुजुर्ग अमीर बख्श का आरोप है कि जांच अधिकारी ने बिना मौके पर पहुंचे और बिना किसी भौतिक सत्यापन के ही गलत रिपोर्ट लगा दी, जो कि घोर लापरवाही और उनके साथ हुआ सीधा अन्याय है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमरिया से भी शिकायत की गई थी, लेकिन वहां से कोई ठोस समाधान नहीं निकला। थक-हारकर उन्होंने अब जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाए और जिस कर्मचारी ने बिना सत्यापन के उन्हें मृत घोषित किया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपनी रुकी हुई पेंशन को तत्काल बहाल करने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *