​पीलीभीत। तहसील पूरनपुर के शारदा पार क्षेत्र में सामाजिक उत्थान और शैक्षणिक सुधार की दिशा में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने एक बड़ा निर्णय लिया है। विहिप ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश के जनपद में प्रथम आगमन के अवसर पर ग्राम कबीरगंज में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर गहन चिंतन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन मंत्री ने स्पष्ट किया कि कबीरगंज और इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त अशिक्षा, पिछड़ापन और धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना संगठन की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए क्षेत्र में एक सर्वसुविधायुक्त छात्रावास का निर्माण करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया, ताकि निर्धन और मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित परिवेश मिल सके। ग्राम प्रधान इकबाल सिंह सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने इस पहल का पुरजोर समर्थन करते हुए भूमि और अन्य संसाधनों के सहयोग पर चर्चा की।
​इस अभियान को गति देने के लिए नगर पालिका सभागार पूरनपुर में जिला पीलीभीत एवं जिला बीसलपुर की संयुक्त कार्यकारिणी एवं परिचय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार और छात्रावास निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई। प्रांत मंत्री अनुज कुमार और प्रांत संगठन मंत्री राजेश ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह छात्रावास न केवल शिक्षा का केंद्र होगा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का आधार भी बनेगा। इस पुनीत कार्य हेतु निधि संकलन के लिए पूरनपुर के प्रमुख व्यापारियों के साथ भी एक विशेष बैठक संपन्न हुई, जिसके आयोजक हर्ष गुप्ता ने विश्वास दिलाया कि नगर का छोटा-बड़ा हर व्यापारी इस निर्माण कार्य में बढ़-चढ़कर अपना योगदान देगा।

​बैठक का सफल संचालन जिला मंत्री प्रवीन अग्रवाल ने किया। इस दौरान विभाग मंत्री मानवेंद्र सिंह, विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र कुमार, प्रांत सहसत्संग प्रमुख कृष्ण गंगवार, जिला संगठन मंत्री ललित अग्रवाल, और जिलाध्यक्ष बीसलपुर धनपाल गंगवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगम अग्रवाल, रक्षिता पटेल, सोनी पटेल, अमन सक्सेना, परविंदर सिंह, शिवम गंगवार, शोभिंदर सिंह, सुनील पाण्डेय, प्रखंड अध्यक्ष पूरनपुर प्रदीप शर्मा, मंत्री नवनीत मिश्रा, सहमंत्री दिनेश राठौर और गौ सेवा प्रमुख सुनील वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *