रुद्रपुर। ग्राम दानपुर स्थित एक नामी डिलीवरी कम्पनी में लाखों रुपये के गबन का मामला प्रकाश में आया है कम्पनी के ही एक जिम्मेदार पद पर तैनात कर्मचारी ने बाजार से एकत्र की गई करीब पौने पांच लाख रुपये की धनराशि कम्पनी के खाते में जमा करने के बजाय हड़प ली और फरार हो गया। पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़ित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली जिसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डेलीवेरी लिमिटेड शाखा दानपुर (बिन्दुखेड़ा रोड) में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर तैनात रविन्द्र पुत्र खिलापी लाल ने न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बरेली निवासी पंकज गंगवार पुत्र धर्मपाल कम्पनी में असिस्टेन्ट टीम लीडर के पद पर कार्यरत था। पंकज की मुख्य जिम्मेदारी यह थी कि वह दिन भर डिलीवरी बॉयज द्वारा मार्केट से वसूल की गई नगदी को एकत्रित करे और उसे सुरक्षित रूप से कंपनी के बैंक खाते में जमा कराए। आरोप है कि अप्रैल 2025 में पंकज के पास कम्पनी की बड़ी धनराशि जमा हो गई थी। विवरण के अनुसार 5 अप्रैल 2025 से पूर्व उसके पास 13,568 रुपये थे इसके बाद 9 अप्रैल 2025 तक उसने अलग-अलग किस्तों में 4,48,676 रुपये और 24,000 रुपये और एकत्र किए इस प्रकार कुल 4,86,244 रुपये की नगदी उसके पास जमा हो गई। आरोप है कि इतनी बड़ी रकम हाथ में आते ही पंकज की नीयत डोल गई उसने इस धनराशि को बैंक में जमा करने के बजाय बेईमानी से हड़प लिया और कम्पनी को बिना बताए गायब हो गया। रविन्द्र का कहना है कि उन्होंने इस गबन और धोखाधड़ी के सम्बन्ध में 27 नवम्बर 2025 को थाना रूद्रपुर में तहरीर दी थी और 1 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर को भी डाक के माध्यम से शिकायत भेजी थी इसके बावजूद पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही मुकदमा दर्ज किया। अन्ततः थक- हारकर प्रार्थी ने धारा 175 (3) बीएनएसएस के तहत न्यायालय में न्याय की गुहार लगाई।मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मामले की गंभीरता और तथ्यों को देखते हुए थाना रुद्रपुर को तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आरोपी पंकज गंगवार के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में मामला पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)