​पीलीभीत | ​अमरिया ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले कंपोजिट स्कूल भगा मोहम्मद गंज में शनिवार को ‘वार्षिकोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह रहीं। उन्होंने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
​शिक्षा को बताया सबसे बड़ा हथियार
​उपस्थित छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए बीएसए रोशनी सिंह ने बच्चों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की बेहतरीन परफॉर्मेंस शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “शिक्षा एक ऐसा हथियार है जिससे जीवन में सब कुछ हासिल किया जा सकता है।” इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
​विद्यालय के परिवेश और वाटिका की सराहना


​समारोह के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल परिसर का निरीक्षण भी किया। विद्यालय में विकसित की गई फल, सब्जी और पुष्प वाटिका के साथ-साथ वहां के स्वच्छ और शैक्षिक भौतिक परिवेश को देखकर उन्होंने प्रधानाध्यापक और समस्त स्टाफ की प्रशंसा की।
​इनकी रही मुख्य उपस्थिति
​कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी उमेंद्र दत्त त्रिपाठी, जिला समन्वयक राकेश पटेल, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, प्रधानाध्यापक खेमपाल सिंह, प्रवीण कुमार शुक्ला और सरोज जायसवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा जिला पंचायत सदस्य प्रेम सागर, ग्राम प्रधान ओमप्रकाश, एसएमसी अध्यक्ष प्रेम शंकर, हरीश कुमार, ज्ञान सिंह और मनाज़ बी सहित सैकड़ों अभिभावकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *