ईरान और संयुक्त इस्राएल-अमरीकी बलों द्वारा नए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज हो गया है। नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार इस्राएल वर्तमान में तेहरान और बेरूत में सैन्य ठिकानों पर एक साथ लक्षित हमले कर रहा है।

इस्राएल रक्षा बलों ने कहा है कि उसके सैनिक दक्षिणी लेबनान में अग्रिम रक्षा रणनीति के अंतर्गत सीमा क्षेत्र के निकट कई स्थानों पर तैनात हैं।

इस्राएली रक्षा बलों के अनुसार इस्राएल हिजबुल्लाह के बुनियादी ढांचों पर लक्षित हमले कर रहा है। इस्राएल ने आरोप लगाया कि हिजबुल्लाह ने ईरानी शासन की ओर से इस्राएल पर हमला करने का विकल्प चुना।

इस्राएली रक्षा बलों ने कहा कि इस्राएली हमलों में बेरूत में फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के कमांडर अबू हमजा रामी मारे गए हैं। अबू हमजा रामी की हत्या से इस्राएल के खिलाफ अभियान चलाने की फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद की क्षमता कमजोर हो गई है।

एक अन्य हमले में, इस्राएली बलों ने बेरूत में हिजबुल्लाह के खुफिया मुख्यालय के प्रमुख हुसैन मकलद को भी मार गिराया।

इसके अलावा, अमरीका की केंद्रीय कमान ने कहा है कि अमरीकी सेना ने लगातार अभियानों के दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के कमान और नियंत्रण केंद्रों, ईरानी वायु रक्षा क्षमताओं, मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थलों और सैन्य हवाई अड्डों को नष्ट कर दिया है।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में सेंटकॉम ने कहा कि अमरीका ईरानी शासन से उत्पन्न होने वाले खतरों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जारी रखेगा। इस बीच, अब तक छह अमरीकी सैनिक कार्रवाई में शहीद हो चुके हैं।

दूसरी ओर, ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि बहरीन में अमरीका की वायु सेना के एक अड्डे पर स्थित कमांड भवन नष्ट हो गया है।

बहरीन के अमेरिकी राजदूत अब्दुल्ला बिन राशिद बिन अब्दुल्ला अल खलीफा ने कहा कि बहरीन की वायु रक्षा प्रणाली ने बहरीन को निशाना बनाकर दागी गई 70 ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और 59 ड्रोनों को नाकाम कर दिया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहरीन में नागरिक स्थलों पर तेहरान द्वारा हमला किया गया था।

सऊदी अरब के रियाद स्थित अमरीकी दूतावास पर भी तेहरान से दागे गए दो ड्रोनों ने हमला किया। ड्रोन हमले में मामूली नुकसान हुआ। इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमरीका जवाबी कार्रवाई करेगा।

इस बीच इस्लामिक गणराज्य में बढ़ते संघर्ष के बीच, ईरान के गेराश क्षेत्र में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। अभी किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *