​पीलीभीत।स्थानीय गांधी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक संपन्न हुई, जिसमें पीलीभीत टाइगर रिजर्व के भीतर से गुजरने वाले मार्गों पर रात्रि प्रतिबंध के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव, टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु वन विभाग और राष्ट्रीय बाघ प्राधिकरण द्वारा सुरक्षा कारणों से रात से सुबह तक यातायात को पूर्णतया बंद करने का प्रस्ताव था।
​बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच इस विषय पर लंबी और गहन वार्ता हुई। किसान संगठन के प्रतिनिधियों ने यातायात प्रतिबंध से स्थानीय ग्रामीणों और किसानों को होने वाली भारी असुविधाओं का पक्ष मजबूती से रखा। काफी विचार-विमर्श के बाद अंततः यह सहमति बनी कि वर्तमान में इन मार्गों पर किसी भी प्रकार का यातायात प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। प्रशासन और यूनियन के बीच यह तय हुआ है कि जब तक इस विषय पर शासन स्तर पर उच्चाधिकारियों के साथ अंतिम वार्ता और कोई ठोस निर्णय नहीं हो जाता, तब तक स्थिति यथावत बनी रहेगी।

​इस निर्णय के बाद उपस्थित किसान संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सहमति का वातावरण बना। बैठक में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलों, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड तराई क्षेत्र के प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान, गुरजीत सिंह विर्क , जिला मीडिया प्रभारी गुरदीप सिंह, युवा जिलाध्यक्ष, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्यारेलाल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष कमलजीत, अरुण सिंह और तहसील उपाध्यक्ष सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *