पीलीभीत। जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर गहरा विरोधाभास सामने आ रहा है। एक तरफ शासन-प्रशासन दावा कर रहा है कि गैस की कोई किल्लत नहीं है, वहीं दूसरी तरफ आम उपभोक्ता एक-एक सिलेंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। स्थिति यह है कि शहर की लगभग सभी गैस एजेंसियों के पास स्टॉक तो उपलब्ध है, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण वितरण ठप पड़ा है।
गैस एजेंसी संचालकों का साफ कहना है कि वे बिना वैध बुकिंग के सिलेंडर नहीं दे सकते। विडंबना यह है कि पिछले कुछ समय से गैस कंपनियों के सभी आधिकारिक बुकिंग नंबर ‘ब्लॉक’ आ रहे हैं। उपभोक्ता बार-बार प्रयास करने के बावजूद अपनी गैस बुक नहीं करा पा रहे हैं। इस तकनीकी विफलता ने जनता के बीच भारी संशय और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया है।
जनता की इस पीड़ा को देखते हुए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष एम.ए. जिलानी ने सभी जनपद वासियों से धैर्य बनाये रखने को कहा है गैस की किसी तरह की कोई कमी नहीं है लेकिन बुकिंग सिस्टम में ख़ामी आने की वजह से ये दिक्कत आ रही है व्यापार मंडल ज़िला अध्यक्ष एम ए जिलानी ने ज़िला अधिकारी पीलीभीत श्री ज्ञानेंद्र सिंह जी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप का आग्रह किया है। जिलानी ने कहा कि जब एजेंसियां कह रही हैं कि उनके पास गैस है, तो तकनीकी बाधाओं के कारण जनता को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वे अपने स्तर से गैस कंपनियों के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर बुकिंग सिस्टम को दुरुस्त कराने की कृपा करे जिससे भ्रम की स्थिति को खत्म हो सके और आम नागरिक को सुचारू रूप से रसोई गैस मिल सके।
