पीलीभीत। जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रवींद्र कुमार के कुशल निर्देशन में गुरुवार को सदर तहसील स्थित अंकुर राइस मिल में एक दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव सतीश कुमार ने मुख्य रूप से सहभागिता करते हुए उपस्थित जनसमूह को कानून की बारीकियों और जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया।
सचिव सतीश कुमार ने आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से लोग अपने लंबित वादों का त्वरित और सुलभ निस्तारण करा सकते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक किया गया और विभाग द्वारा प्रकाशित प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों पर भी विशेष बल दिया गया। थाना सुनगढ़ी की एसआई मोनिका चौधरी ने महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों और दहेज निषेध कानून के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं, एलएडीसीएस की चीफ अधिवक्ता श्रीमती सुमन गुप्ता ने कानूनी अधिकारों और दहेज प्रथा के कानूनी परिणामों पर प्रकाश डाला।
शिविर में बाल कल्याण समिति की सदस्य बबिता सक्सेना, परवेज हनीफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन पीएलवी मनोज कुमार शर्मा द्वारा किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और श्रमिक वर्ग को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग बनाना और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुँचाना रहा।
