​पीलीभीत। भारत की जनगणना 2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी आलोक कुमार ने विकास भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। यह रैली विकास भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों—नेहरू पार्क, कलश चौराहा, छतरी चौराहा और सुनगढ़ी थाना क्षेत्र से होते हुए गांधी स्टेडियम पर समाप्त हुई। इस आयोजन में युवा कल्याण विभाग, ‘माय भारत’, विकासखंड मरौरी एवं ललौरीखेड़ा के रोजगार सेवकों, पंचायत सहायकों और पीआरडी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


​इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय विकास की योजनाओं और नीतियों के सटीक निर्माण का मुख्य आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है ताकि कोई भी परिवार या नागरिक इस प्रक्रिया से छूटने न पाए। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रसून द्विवेदी, डीसी मनरेगा हेमंत कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मेराज हुसैन और जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi