पीलीभीत। बरेली कॉलेज, बरेली में आयोजित अंतर महाविद्यालयी भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) प्रतियोगिता आज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में उपाधि महाविद्यालय, पीलीभीत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम पूरे क्षेत्र में रोशन किया है।
इस प्रतियोगिता में उपाधि महाविद्यालय के कुल पाँच खिलाड़ियों (चार छात्र एवं एक छात्रा) ने प्रतिभाग किया था। सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पाँचों खिलाड़ियों— अरविंद मौर्य, वीरपाल, करन, विवेक राना और छात्रा कसक—ने अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) पर कब्ज़ा जमाया।
यह उपाधि महाविद्यालय के इतिहास में पहला अवसर है जब एक साथ पाँच छात्रों ने भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। एक ही प्रतियोगिता में पाँच-पाँच गोल्ड मेडल जीतकर लौटना महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत हर्ष, गौरव और उत्साह का विषय है।
खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व सफलता पर प्राचार्या डॉ. राखी मिश्रा ने सभी विजयी प्रतिभागियों का मुंह मीठा कराया तथा उन्हें बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की मेहनत और अनुशासन ने कॉलेज का मान बढ़ाया है, जो अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी सभी विजेता खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।