सितारगंज/नानकमत्ता। उत्तराखंड के कला जगत और जनजाति समाज के लिए आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश की जानी-मानी और थारू जनजाति की लोक गायिका रिंकू राणा (33) की एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। होली की खुशियों के बीच हुई इस अनहोनी से परिजनों और उनके प्रशंसकों में कोहराम मच गया है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौगजा कल्याणपुर निवासी रिंकू राणा गुरुवार को होली मिलने अपने मायके ग्राम बिचपुरी (खैरना) गई थीं। दोपहर करीब 12:30 बजे, जब वह अपनी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर किसी से बात कर रही थीं, तभी ईंटों से ओवरलोड लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी व ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
लोक संगीत क्षेत्र में बड़ी क्षति
रिंकू राणा जनजाति समाज की पहली ऐसी महिला कलाकार थीं जिन्होंने लोक संगीत के माध्यम से अपनी संस्कृति को एक नई पहचान दी थी। उनकी असमय मृत्यु को उत्तराखंडी लोक कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोकगायिका रिंकू राणा जी के सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से थारू समाज की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाई।
ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों, प्रशंसकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति!
-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)