रूद्रपुर। एसटीएफ कुमायूं यूनिट, कोतवाली गदरपुर पुलिस व औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर 9416 प्रतिबन्धित कैप्सूल, 1300 टैबलेट व 51 कफ सिरप बरामद कर मेडिकल स्टोर स्वामी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्व एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में निरंतर सख्त कार्यवाही की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा आज दोपहर पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि कोतवाली गदरपुर पुलिस तथा औषधि निरीक्षक ऊधमसिंहनगर, एसटीएफ कुमायूं यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा बीती देर शाम मुखबिर की सूचना पर कुमार मेडिकल हाल. स्टोर, मैन मार्केट गदरपुर पर आकस्मिक चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर पर मौजूद व्यक्ति राजकुमार पुत्र बनवारी लाल निवासी वार्ड नम्बर-01, मैन बाजार गदरपुर उम्र 53 वर्ष (मेडिकल स्टोर का स्वामी) के सामने संयुक्त टीम द्वारा गहन तलाशी लेने पर विभिन्न प्लास्टिक कट्टों, गत्ते की पेटियों एवं कपड़े के थैलों से भारी मात्रा में प्रतिबन्धित दवाइयां बरामद की गईं। दुकान से बरामद दवाइयों में अल्प्राजोलाम टैबलेट कोडीन युक्त कफ सिरप एवं ट्रामाडोल मिश्रित कैप्सूल शामिल 9416 प्रतिबन्धित कैप्सूल (ट्रामाडोल मिश्रित), 1300 प्रतिबन्धित टैबलेट (अल्प्राजोलाम), 51 अदद प्रतिबन्धित कफ सिरप (100 एमएल) (कोडीन युक्त) हैं जो नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत प्रतिबन्धित श्रेणी में आती हैं की बरामदगी के उपरांत अभियुक्त को धारा 8/22 नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत विधिवत गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में कोतवाली गदरपुर में मु0सं0 74 वर्ष 2026 धारा 8/22 नारकोटिक एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है कि उक्त प्रतिबन्धित दवाइयों को वह कहां से लाता था तथा किन-किन स्थानों पर सप्लाई करता था साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी संकलित की जा रही है। अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करते हुए आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में संजय पाठक प्रभारी निरीक्षक गदरपुर, निधि शर्मा औषधि निरीक्षक ऊधमसिंहनगर, उ0नि0 नरेश पन्त कोतवाली गदरपुर, उ0नि0विपिन जोशी एसटीएफ कुमायूं यूनिट, उ0नि0 कृष्ण गोपाल मठपाल एसटीएफ कुमायूं यूनिट, का0जितेन्द्र कुमार एसटीएफ कुमायूं यूनिट, का0दिनेश बिष्ट कोतवाली गदरपुर एंव का0 दिनेश रावत कोतवाली गदरपुर शामिल रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)