शक्तिफार्म/पीलीभीत। नियति का क्रूर खेल देखिए, जिस घर में चंद दिनों बाद शहनाइयां गूँजनी थीं, वहाँ अब चीख-पुकार मची है। शक्तिफार्म के निर्मलनगर (बीस क्वार्टर) निवासी खगेन सरदार (58) की पीलीभीत में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बेटे की शादी का निमंत्रण देने रिश्तेदारों के घर गए थे।
कुत्ते से टकराई बाइक, सिर में आई गंभीर चोट
जानकारी के अनुसार, खगेन सरदार के बेटे दीपांकर की 9 मार्च को शादी तय हुई थी। बृहस्पतिवार को वह गांव के ही एक साथी के साथ बाइक से पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में रिश्तेदारों को कार्ड देने गए थे। शाम को लौटते समय अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खगेन सड़क पर दूर जा गिरे। सिर में हेलमेट न होने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं, जबकि हेलमेट पहने उनके साथी को मामूली खरोंचें ही आईं।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घायल खगेन को आनन-फानन में पूरनपुर और फिर पीलीभीत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव घर ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे।
पुलिस की सक्रियता और पोस्टमार्टम
देर रात सूचना मिलने पर सितारगंज कोतवाल सुंदरम शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर विधिक कार्यवाही के लिए मनाया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)