रुद्रपुर। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को सिटी क्लब में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जनसभा को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। इस दौरान विशेष रूप से महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए कांग्रेस निरंतर कार्य कर रही है तथा राहुल गांधी हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।
उत्तराखंड की सह-प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि महिलाओं को महंगाई और जनसरोकारों के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में महिलाओं का सर्वाधिक शोषण हो रहा है। उन्होंने महिलाओं से बड़ी संख्या में अल्मोड़ा पहुंचकर राहुल गांधी की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की जनता, महिलाओं और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
बैठक में जया कर्नाटक, रेखा सोनकर, सुनीता कश्यप, प्रीति साना, अंकिता अधिकारी, सरोज रानी, सरस्वती बाला, कमला देवी, संगीता मंडल, ज्योति साना, भजन कौर, सोनिया खुराना, संजय जुनेजा, ललित सिंह बिष्ट, जितेश शर्मा, गौरव खुराना, पंकज शर्मा और शुभम दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित राहुल गांधी की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।