ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड में अवैध और तस्करी की शराब के खिलाफ शासन के कड़े निर्देशों पर आबकारी विभाग ने एक बड़ा और व्यापक अभियान चलाया है। आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार, संयुक्त आबकारी आयुक्त के.के. कांडपाल व संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के कुशल निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी एम.एस. बिष्ट के नेतृत्व में जिले भर में ‘विशेष प्रवर्तन अभियान’ (Special Enforcement Drive) चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मंगलवार सुबह रुद्रपुर और बाजपुर क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी व कच्ची शराब बरामद की गई

रुद्रपुर: नैनीताल रोड पर हरियाणा मार्का व्हिस्की के साथ 2 गिरफ्तार
अभियान के तहत मंगलवार सुबह रुद्रपुर के डीडी चौक (नैनीताल रोड) पर आबकारी टीम ने नाकेबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो व्यक्तियों को रोककर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 60 बोतल ‘सिग्नेचर रेयर व्हिस्की’ बरामद हुई, जिस पर केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य (For Sale in Haryana Only) का मार्का लगा हुआ था।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अमित अग्रवाल (मूल निवासी हमीरपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी चंडीपुर कलीनगर, दिनेशपुर) और विवेक गायन (निवासी शक्तिफार्म, सितारगंज) के रूप में हुई है। आबकारी टीम ने दोनों के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर माननीय न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक रुद्रपुर सोनू सिंह और आबकारी निरीक्षक खटीमा बी.एन. जोशी मुख्य रूप से शामिल रहे।

बाजपुर: 25 लीटर कच्ची शराब जब्त, 3000 किलोग्राम लहन किया नष्ट
इसी अभियान के दूसरे चरण में आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र-4 बाजपुर के बनगढ़, गोबरा और गजरोला के संदिग्ध ठिकानों और जंगलों में दबिश दी। यहाँ टीम ने जमीन के नीचे छुपाकर रखी गई लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की और शराब बनाने के उद्देश्य से तैयार किए गए 3000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही पूरी तरह से नष्ट कर दिया

इस मामले में भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। बाजपुर की इस छापेमारी टीम में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, प्रधान सिपाही पवन कुमार कम्बोज, और महिला सिपाही वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव व रेनुका बोरा मौजूद रहीं। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए ऐसी औचक कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *