​पीलीभीत। जिले में शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं और परिषदीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। सचल दल-दो की प्रभारी के रूप में उन्होंने सर्वप्रथम चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और सर्वोदय इंटर कॉलेज, कल्याणपुर नौगवां का भ्रमण कर परीक्षा की शुचिता का जायजा लिया, जहाँ परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित पाई गईं। इसके पश्चात, बीएसए ने मरौरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय ‘घेरा रिछोला’ का औचक निरीक्षण किया। यहाँ नामांकित छात्र-छात्राओं के सापेक्ष अत्यंत कम उपस्थिति मिलने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रेरणा पोर्टल पर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज की जाए, साथ ही बच्चों से संवाद कर उनके शैक्षिक स्तर को भी परखा।


​निरीक्षण के अगले चरण में प्राथमिक विद्यालय ‘माला कॉलोनी’ पहुँचीं बीएसए रोशनी सिंह उस समय बिफर गईं, जब उन्होंने छात्र-छात्राओं को बिना स्कूल ड्रेस के देखा। उन्होंने प्रधानाध्यापक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से ड्रेस, जूता, मोजा, स्वेटर और बैग की धनराशि अभिभावकों के खातों में भेजी जा चुकी है, तो बच्चे बिना यूनिफॉर्म के क्यों हैं? उन्होंने हेडमास्टर को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय माला कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान स्थिति संतोषजनक रही; यहाँ छात्र-छात्राओं ने हिंदी विषय से जुड़े सवालों के सटीक उत्तर दिए, जिसकी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खुले मन से सराहना की।
​बीएसए के इस ताबड़तोड़ निरीक्षण अभियान से जिले के परिषदीय स्कूलों में दिन भर खलबली मची रही। क्षेत्र भ्रमण से लौटने के बाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकास खंडों के प्रधानाध्यापकों को पाबंद करें कि छात्र-छात्राओं की उपस्थिति केवल ऑनलाइन पोर्टल पर ही दर्ज की जाए। इस कार्यवाही से विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता को लेकर स्पष्ट संदेश दिया गया है।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi