​पीलीभीत। गजरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गोयल कॉलोनी (ढेरम मंडरिया सहराई) में गुरुवार को एक भीषण हादसा सामने आया, जहां पानी पीने गई एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला नल में अचानक आए बिजली के तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। इस हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली अमेला वाइन (80) पत्नी कालीपद वाइन अपने घर में मौजूद नल से पानी पीने के लिए गई थीं। उसी दौरान अज्ञात कारणों से नल में अचानक तेज करंट दौड़ गया। जैसे ही अमेला वाइन ने नल को छुआ, उन्हें बिजली का जोरदार झटका लगा। परिजनों ने बताया कि करंट इतना भीषण था कि उनके हाथ गंभीर रूप से झुलस गए और वह मौके पर ही छटपटाकर बेहोश होकर गिर पड़ीं।
​महिला को लहूलुहान और बेहोश पड़े देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोस में रहने वाले विष्णु राय ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए 108 एंबुलेंस सेवा को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए सीधे जिला अस्पताल पीलीभीत ले जाया गया। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों की टीम उनका प्राथमिक उपचार कर रही है।
​इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में बिजली विभाग की घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नलों में इस तरह अचानक करंट उतरना किसी बड़ी अनहोनी को न्योता देना है। स्थानीय निवासियों ने विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि गांव में बिजली की ढीली व जर्जर लाइनों की तुरंत जांच कराई जाए और नल में करंट आने के तकनीकी कारणों का पता लगाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi