पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम राणा प्रतापनगर और नेहरोसा में कटान की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही राजस्व एवं सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने दोनों प्रभावित स्थलों का दौरा कर जायजा लिया। इसके तुरंत बाद बाढ़ व कटान रोकने के लिए निरोधक कार्य युद्ध स्तर पर प्रारंभ कराए गए। विभागीय टीम की मुस्तैदी और त्वरित राहत कार्यों के चलते फिलहाल दोनों गांवों में कटान की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
अधिकारियों के अनुसार, राणा प्रतापनगर और नेहरोसा में स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए सिंचाई और राजस्व विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रही हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं और जरूरत के मुताबिक तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि से सुरक्षित रखा जा सके।