पीलीभीत। श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में नगर के ऑकेजन बैंक्वेट हॉल में चार दिवसीय ब्रज होली महोत्सव का अत्यंत उत्साह और भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिन का प्रारंभ पारंपरिक गणेश वंदना के साथ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इसके पश्चात मंडल के वरिष्ठ संकीर्तनकार अजय पांडे, कमल यादव, दीपक गोयल और शशांक अग्रवाल ने सामूहिक रूप से गुरु वंदना, हनुमान चालीसा और ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र का गायन कर नित्य प्रार्थना की श्रृंखला को पूर्ण किया।

उत्सव के दौरान सिंहासन पर विराजमान श्री श्रीनाथजी का दिव्य विग्रह आकर्षण का केंद्र रहा, जिसके दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। श्रद्धालुओं ने “कुछ न बिगड़ेगा तेरा प्रभु की शरण आने के बाद” जैसे भजनों के माध्यम से अपनी कृतज्ञता प्रकट की। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, “रंग में कैसे होली खेलूंगी या सांवरिया के संग” और “होली आई रे कन्हाई” जैसे सुमधुर होली भजनों ने पूरे हॉल को ‘बरसाना धाम’ के आनंद में सराबोर कर दिया। उत्सव के दौरान भक्तों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली का आनंद लिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से विश्वनाथ चंद्र, अतुल अग्रवाल, अभिलाष अग्रवाल, नीरज रस्तोगी, प्रमोद पंत, डॉ. निर्देश जैसवार, अश्विनी अग्रवाल, विकास अग्रवाल, अमन शर्मा और शिवम आदि का विशेष सहयोग रहा। देर रात्रि श्रीनाथजी की आरती के पश्चात प्रथम दिन के कार्यक्रम का विश्राम हुआ।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)