पीलीभीत | जनपद के कंपोजिट विद्यालय हाशिम पुर में शनिवार को ‘शारदा संगोष्ठी’ एवं ‘वार्षिकोत्सव’ का अत्यंत उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल शिक्षा की महत्ता पर चर्चा हुई, बल्कि स्कूली बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष माखन लाल ने की। समारोह का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लोकगीतों, नृत्य और नाटक के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। उपस्थित ग्रामवासियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश मिश्रा ने शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और ‘शारदा अभियान’ के तहत ड्राप-आउट बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अचल कुमार वर्मा, सर्वेश कुमार गंगवार, हेत राम, ज्योति दिनकर, हीरा लाल, शांति स्वरूप, मंगली राम, सोमवती और मुन्दर वती सहित भारी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक उपस्थित रहे।
