पीलीभीत। जनपद में सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। बुधवार को एआरटीओ द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पीलीभीत-पूरनपुर और पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कुल 70 वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से डग्गामार और नियम विरुद्ध वाहन संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान एआरटीओ ने बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ रहे 06 वाहनों को मौके पर ही सीज कर निरुद्ध कर दिया। इसके साथ ही बरखेड़ा क्षेत्र में उत्तराखंड नंबर के 02 यात्री वाहन बिना परमिट सवारियां ढोते हुए पाए गए, जिन पर चालान की कार्रवाई की गई। जांच के घेरे में स्कूली वाहन भी रहे; अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर 02 स्कूली बसों का भी चालान काटा गया। कुल मिलाकर फिटनेस और परमिट फेल होने व अन्य कमियों के कारण 6 वाहन सीज किए गए और 8 वाहनों के चालान किए गए।

सबसे बड़ी कार्रवाई ओवरस्पीडिंग को लेकर हुई। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर रहे 54 वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई अमल में लाई गई। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने अपील की है कि सभी चालक अपने वाहनों के प्रपत्र पूर्ण रखें, क्योंकि बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।