रुद्रपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने अवैध शस्त्र रखने तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पूरे जनपद में 15 दिन का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शस्त्र रखने वाले, सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाले तथा फायरिंग कर वीडियो या फोटो वायरल करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। पुलिस द्वारा जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और अन्य माध्यमों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है ताकि ऐसे लोगों की पहचान कर तुरन्त कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने पहले ही दिन 3 अभियोग पंजीकृत करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5 अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, अवैध शस्त्र रखने वालों तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
