पीलीभीत। जिले में बालिकाओं को बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक माहौल देने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत स्थानीय आर्य कन्या इंटर कॉलेज, पीलीभीत के पुनर्मूयांकन व पुनः निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पूरी निष्ठा के साथ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, जिसके बाद उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधिकारिक शुरुआत की। आर्य कन्या इंटर कॉलेज के इस नए स्वरूप से क्षेत्र की छात्राओं को अत्याधुनिक शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कार्यदायी संस्था ‘ग्रामीण अभियंत्रण विभाग प्रखण्ड, पीलीभीत’ के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य पूरी तरह से गुणवत्तापरक और मानकों के अनुरूप होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूरी परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने की हिदायत दी, ताकि कॉलेज की छात्राओं को जल्द से जल्द एक सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
इस गरिमामयी शिलान्यास समारोह के दौरान आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या, कार्यदायी संस्था के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी तथा शिक्षा विभाग से जुड़े अन्य गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।