पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप और पुलिस महानिदेशक व अपर पुलिस महानिदेशक (यायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देशों के क्रम में, पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के कुशल नेतृत्व में जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा और जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान जनपद के दो प्रमुख टोल प्लाजाओं पर चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंकन ड्राइविंग), मॉडिफाइड साइलेन्सर, प्रेशर हॉर्न, हूटर/सायरन, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने और फॉल्टी नंबर प्लेट या एच०एस०आर०पी० का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
इस सघन चेकिंग अभियान को अमली जामा पहनाने के लिए जनपद पीलीभीत के थाना बीसलपुर, थाना गजरौला और यातायात पुलिस की टीमों ने टोल प्लाजाओं पर मुस्तैदी से चेकिंग की। दो दिनों तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 85 वाहनों के चालान काटे, जिसके तहत कुल 4,30,500/- रुपये का शमन शुल्क (जुर्माना) अधिरोपित किया गया।

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, सबसे ज्यादा कार्रवाई प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन के खिलाफ हुई, जिसमें 28 चालान किए गए। इसके अलावा फॉल्टी नंबर प्लेट और एच०एस०आर०पी० के नियमों के उल्लंघन में 22 चालान, शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंकन ड्राइविंग) के मामले में 20 चालान, मॉडिफाइड साइलेन्सर के उपयोग पर 08 चालान और नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के विरुद्ध 07 चालान काटकर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।