रुद्रपुर। महानगर के प्रीत विहार क्षेत्र में एक युवती की फोटो को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड करने और फर्जी आईडी बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है पीड़िता की मां की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊँ परिक्षेत्र में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रीत विहार नंबर 02 निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी घर पर ही रहती है उनकी बेटी ने सितंबर 2025 में इंस्टाग्राम पर अपनी एक आईडी बनाई थी। आरोप है कि 8 जनवरी 2026 को एक अज्ञात इंस्टाग्राम आईडी द्वारा उनकी बेटी की फोटो को एडिट कर आपत्ति जनक तरीके से अपलोड किया गया इसके साथ ही आरोपी ने बेटी के नाम से ही एक फर्जी प्रोफाइल भी बना ली है। परेशान मां ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी बेटी के व्हाट्सएप नंबर पर अत्यन्त अभद्र सन्देश और एडिट की गई गंदी फोटो भेजी जा रही हैं।आरोपी द्वारा युवती पर अन्य फोटो भेजने का दबाव बनाया जा रहा है और मांग पूरी न होने पर फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। इस घटनाक्रम से युवती और उसका पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और डर के साये में है साक्ष्यों के तौर पर स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने अज्ञात आईडी और मोबाइल नम्बर धारक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी है।