पौड़ी गढ़वाल। आमतौर पर जिलाधिकारी (DM) की जनसुनवाई में लोग जमीन, पानी, बिजली या सड़क जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर पहुँचते हैं। लेकिन उत्तराखंड के पौड़ी में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने गंभीर माहौल को हंसी-मजाक में बदल दिया। यहाँ एक युवक अपनी ‘शादी न हो पाने’ की अर्जी लेकर सीधे डीएम स्वाति एस. भदौरिया के पास पहुँच गया।

‘मैडम, सब कुछ तो है पर बीवी नहीं’

वाकया पौड़ी में आयोजित नियमित जनसुनवाई का है। अन्य फरियादियों की तरह एक युवक भी अपनी समस्याओं की लंबी सूची लेकर डीएम के सामने खड़ा हुआ। राशन कार्ड, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं की मांग रखते-रखते अचानक युवक ने बड़े ही मासूम अंदाज में कहा— “मैडम, मेरी एक और बड़ी समस्या है, मेरी शादी नहीं हो पा रही है!”

डीएम की हंसी और चर्चा का विषय

युवक की यह अजीबोगरीब और व्यक्तिगत फरियाद सुनकर वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। खुद जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया भी युवक की मासूमियत भरी मांग सुनकर खिलखिला उठीं। उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि प्रशासन का काम सरकारी योजनाओं का लाभ देना है, शादियां कराना नहीं। हालांकि, उन्होंने युवक की अन्य जायज प्रशासनिक मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

जनसुनवाई का यह छोटा सा वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। कोई इसे ‘बेरोजगारी का दर्द’ बता रहा है, तो कोई इसे ‘पहाड़ के युवाओं की सच्ची समस्या’ से जोड़कर देख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *