दियोरिया (पीलीभीत)। जनपद पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में ढाई वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप सामने आया। आरोप लगने के कुछ समय बाद ही बच्ची का चचेरा चाचा बृहस्पतिवार रात अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहाने से बुलाकर घर की छत पर बने टिनशेड के पास ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने पर आरोपी उसे छोड़कर वहां से चला गया।
बच्ची की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची ने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन की तो लगभग एक घंटे बाद आरोपी घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्ची को तत्काल उपचार के लिए दियोरिया सीएचसी भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *