​पीलीभीत। गांधी सभागार में शुक्रवार को मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे इस पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एसआईआर से जुड़ी अद्यतन रिपोर्ट प्रतिदिन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाए। उन्होंने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं को जारी नोटिस और उन पर होने वाली सुनवाई की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाए।
​बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रसून द्विवेदी ने जनपद में एसआईआर से संबंधित अब तक की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत तैनात एईआरओ और ईआरओ द्वारा जमा किए गए फॉर्मों की जांच और नोटिस प्राप्तकर्ताओं की सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन को अब तक पांच राजनीतिक दलों द्वारा अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति की सूचना प्राप्त हो चुकी है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि इस पूरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों का सहयोग लिया जाए ताकि एक त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
​जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *