​पीलीभीत। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) की जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक बल्लभ नगर स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें जनहित के मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक के उपरांत जिला सचिव देवाशीष राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि टाइगर रिजर्व की सीमा से दो किलोमीटर के दायरे को ‘पारिस्थिकी संवेदी जोन’ घोषित करने की योजना के खिलाफ भाकपा माले निर्णायक आंदोलन खड़ा करेगी।
​देवाशीष राय ने कहा कि तराई के जंगल किनारे बसे ग्रामीण पहले से ही बाघों और अन्य हिंसक वन्य जीवों के हमलों में अपनी जान गंवा रहे हैं और वन विभाग के कथित उत्पीड़न से त्रस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ग्रामीणों को सुरक्षा देने के बजाय उनकी जमीनों और गांवों को संवेदी जोन के दायरे में लाकर उनके जीवन को और अधिक असुरक्षित बना रही है। माले नेता के अनुसार, इस जोन के भीतर समस्त निर्माण और विकास कार्यों पर रोक लग जाएगी, जिससे ग्रामीण धीरे-धीरे अपने ही घरों से विस्थापित होने को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने इसे जंगल किनारे बसे गांवों को उजाड़ने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया।
​इसके अतिरिक्त, बैठक में यूजीसी रेगुलेशन पर भाजपा सरकार के दोहरे रुख की कड़ी आलोचना की गई और देशभर में चल रहे छात्र-शिक्षक आंदोलनों के दमन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों की भी कड़े शब्दों में निंदा की गई। इस सांगठनिक बैठक में जिला प्रभारी अफरोज आलम, देवीदयाल, नगीना, प्रह्लाद, रामभरोसे, शम्स विकास, किसन लाल, धर्मेंद्र पांडेय, सर्वेश, रामचंद्र वर्मा और सईद सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *