पीलीभीत। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घुंघचाई पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के पर्यवेक्षण में टीम ने ग्राम मटेना में ड्रोन कैमरे के जरिए निगरानी कर नदी किनारे चल रही अवैध शराब की भट्टियों पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 200 लीटर लहन नष्ट किया और 71 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
इस संयुक्त छापेमारी में पुलिस ने अवैध शराब के निष्कर्षण में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ग्राम मटेना निवासी मंसाराम पुत्र प्रभुदयाल, राधेश्याम पुत्र रामचरन, राजेन्द्र कुमार पुत्र नन्दलाल और अन्नपूर्णा पत्नी देवेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध थाना घुंघचाई पर आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा संख्या 15/26 और 16/26 पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इससे पूर्व पुलिस टीम ने क्षेत्र के चौकीदारों के साथ गोष्ठी कर उन्हें अवैध शराब की रोकथाम के प्रति जागरूक भी किया था।
सफल कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह, आबकारी निरीक्षक रोहित शर्मा (पूरनपुर), प्रदीप यादव (बीसलपुर), दिनेन्द्र सिंह, नीरज पाठक, उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल और आबकारी कर्मी शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)