रुद्रपुर। गांधी पार्क में आयोजित होने वाले खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चैहान, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी तथा सांसद अजय भट्टअजय भट्ट शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, कृषि विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पेयजल, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को भूमि की उर्वरता बनाए रखने, खेती को अधिक लाभकारी बनाने और फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में कृषि और किसान हितों से जुड़े विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी से कार्यक्रम ऐतिहासिक और भव्य रूप लेगा। किसानों और आम लोगों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

विधायक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में स्वीकृत काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण परियोजना के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया जाएगा। लगभग 13.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का शासनादेश जारी होने के कुछ ही दिनों बाद शिलान्यास होना विकास कार्यों की गति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे लंबे समय से लंबित काशीपुर बाईपास निर्माण कार्य को नई गति मिलेगी और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

विधायक ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी गजेंद्र सिंह, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक अभय सक्सेना, भाजपा नेता उपेंद्र चौधरी, गजेंद्र प्रजापति, मयंक कक्कड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi