पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कोतवाली सदर में ‘थाना समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपसी विवादों से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए और कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं के साथ आगामी होली पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक की। बैठक में सभी से आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए और होलिका दहन केवल पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही संपन्न हो। डीजे संचालकों को भी आगाह किया गया कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों और ध्वनि सीमा के भीतर ही संचालन करें।
बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने भी कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर, थानाध्यक्ष, राजस्व लेखपाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें)