अलीगढ़। थाना चंडोस क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक वंश प्रताप अपने भाई के साथ बाइक से जा रहा था, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर ट्रैक्टर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी और जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।