पीलीभीत। धनाराघाट रोड पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा सवार एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत अन्य यात्री घायल हो गए। घटना के बाद से ही मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला मदीनानगर की निवासी शबनम (30 वर्ष), पत्नी कमर, गुरुवार को दवा लेने के लिए घर से निकली थीं। वह जिस ई-रिक्शा पर सवार थीं, उसे मुझा निवासी तमजीत खान चला रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा धनारा घाट रोड पर पहुँचा, सामने से तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण शबनम गंभीर रूप से घायल हो गईं और चालक समेत अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।
​आनन-फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर लाया गया। जहाँ चिकित्सकों ने शबनम को प्राथमिक परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका शबनम गर्भवती थीं। शबनम की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, घायल ई-रिक्शा चालक का अस्पताल में उपचार जारी है।
​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन वहाँ मौजूद राहगीरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा करके कार को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुँच गई और मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जाँच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi