सितारगंज (उधम सिंह नगर)ः पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार यानी ’अलविदा जुमे’ के अवसर पर आज सितारगंज और आसपास के क्षेत्रों में अकीदत और एहतराम के साथ नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद सहित क्षेत्र की तमाम मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाया और देश की उन्नति, कौम की सलामती व आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी।
इमाम का संदेशः बुराई त्याग कर नेक राह चुनें
नगर की मुख्य जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद मुकीम रजा कादरी ने नमाजियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस्लाम हमें इंसानियत और नेकी का रास्ता सिखाता है। उन्होंने जोर दिया कि सच्ची इबादत वही है जो इंसान के भीतर की बुराइयों को खत्म कर दे। उन्होंने सभी से समाज में शांति बनाए रखने और अच्छे कर्म करने की अपील की।
इन मस्जिदों में रही खासी रौनक
नगर की जामा मस्जिद के अलावा रम्पुरा, सुनहरी, मदीना मस्जिद सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बघौरी, पंडरी, सिसैया और गोरीखेड़ा की मस्जिदों में भी नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान मस्जिदों के बाहर खासी रौनक देखी गई और नमाजियों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी।
प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था
सुरक्षा की दृष्टि से उपजिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे। मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। मौके पर जिलानी अंसारी, आरिफ अंसारी, बिलाल रजा, डॉ. शकील अहमद, फरीद रंगरेज, शमी खान, मो. तसलीम, मो. राशिद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
