पीलीभीत। ​पीलीभीत जनपद में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव (एसपी पीलीभीत) द्वारा बिना किसी पूर्व अनुमति और संतोषजनक कारण के लंबे समय से ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे कुल 15 पुलिस कर्मियों और कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय अनुशासन बनाए रखने हेतु कठोर कदम उठाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जनपद पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनाधिकृत अनुपस्थिति को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में भविष्य में भी निरंतर कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी। इस सख्त कदम के साथ ही सभी संबंधित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
​इस कार्रवाई के तहत निलंबित होने वाले कर्मियों में 3 उप निरीक्षक, 1 मुख्य आरक्षी, 8 आरक्षी, 1 महिला आरक्षी और 2 स्वीपर शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ निलंबन की यह कार्रवाई उनके अवकाश से वापस न लौटने अथवा तय ड्यूटी पर उपस्थित न होने के कारण की गई है। पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव के निर्देश पर निलंबित किए गए अधिकारियों व कर्मचारियों में पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक दिनेश कुमार, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, मुख्य आरक्षी श्याम सुन्दर शुक्ला, आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी गौतम तोमर, आरक्षी विश्वेन्द्र बालियान और स्वीपर सलीम मियाँ शामिल हैं। इनके अलावा थाना कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक विकास कुमार व आरक्षी अमित कुमार, यूपी-112 पीलीभीत में तैनात आरक्षी रोहित खोखर, मॉनीटरिंग सैल में तैनात आरक्षी हिमांशू कुमार, थाना सेहरामऊ-उत्तरी में तैनात आरक्षी शोभित कुमार, थाना-जहानाबाद में तैनात आरक्षी आशीष कुमार, थाना-बरखेड़ा में तैनात महिला आरक्षी मेघा शर्मा तथा थाना दियोरिया कला में तैनात स्वीपर लकी बाबू को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *