पीलीभीत। बरेली–मुरादाबाद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन खंड (एमएलसी) चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समाजवादी पार्टी, पीलीभीत ने अपनी चुनावी गतिविधियों को और तेज कर दिया है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने फर्जी मतदान की आशंका पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि चुनाव की निष्पक्षता और लोकतंत्र की गरिमा से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति फर्जी मतदाता बनकर मतदान करने का प्रयास करता है या पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ निर्वाचन अधिकारियों को तत्काल शिकायत देकर एफ़आइआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षक मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग करें और वित्तविहीन साथियों के मानदेय, पुरानी पेंशन बहाली, सेवा सुरक्षा की धाराओं (21, 18, 12) के पुनः बहाली, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षकों और व्यावसायिक शिक्षकों के स्थायीकरण के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर (बैलेट पेपर क्रमांक-1) के पक्ष में मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाएं।
इसी क्रम में, चुनाव प्रचार और संगठनात्मक कार्यों को गति देने के लिए जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने एक अति आवश्यक सूचना जारी कर जनपद पीलीभीत की चारों विधानसभा क्षेत्रों (127 सदर पीलीभीत, 128 बरखेड़ा, 129 पूरनपुर और 130 बीसलपुर) के लिए नियुक्त प्रभारियों को तुरंत अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी विधानसभा प्रभारियों, राष्ट्रीय व प्रदेशीय पदाधिकारियों, फ्रंटल जिलाध्यक्षों व प्रभारियों, विधानसभा, नगर व ब्लॉक अध्यक्षों, समस्त आवेदकों और वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि समय की नजाकत को देखते हुए सभी साथी पूरी सक्रियता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर हाजी दानिश अख्तर के चुनाव प्रबंधन को गति प्रदान करें तथा संगठन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।