वरिष्ठ नागरिकों के लिए मीटिंग हॉल निर्माण की उठी मांग, कैबिनेट मंत्री से मुलाकात का निर्णय
सितारगंज। सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के संगठन को नई मजबूती मिली है। रविवार को नगर के एक निजी विद्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में संतोष मिश्रा को सर्वसम्मति से सोसाइटी का महामंत्री मनोनीत किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के हितों और सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सोसाइटी के संरक्षक राम नगीना प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने निवर्तमान महामंत्री श्याम सुंदर श्रीवास्तव के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके द्वारा संगठन के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
बैठक में सोसाइटी के अध्यक्ष त्रिलोक अरोड़ा ने वरिष्ठ नागरिकों की बैठकों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी मीटिंग हॉल के निर्माण का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया। निर्णय लिया गया कि मीटिंग हॉल के निर्माण के लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात कर सहयोग का आग्रह किया जाएगा।
वहां बैठक में प्रेमचंद गुप्ता, तुंगल सिंह चौहान, रमेश चंद्र गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, सत्यदेव आर्या, देवकी नंदन गहतोड़ी, जेएस सक्सेना, सुरेंद्र सिंह जोशी, ईश्वर सिंह सामंत और राकेश त्यागी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।